
महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार मैचों में शामिल हो गया। 5 फरवरी, गुरुवार को वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार WPL ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस जीत की सबसे बड़ी खासियत रही 204 रनों का रिकॉर्ड रन चेज, जो WPL इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा सफल लक्ष्य है।
RCB इससे पहले 2024 में WPL चैंपियन बनी थी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार फाइनल खेलने के बावजूद खिताब जीतने में नाकाम रही।
दिल्ली की मजबूत शुरुआत, 203 रन का बड़ा स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 203 रन बनाए। दिल्ली की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने एक बार फिर बड़े मैच में जिम्मेदारी उठाते हुए 37 गेंदों पर 57 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 चौके शामिल रहे।
ओपनर लॉरा वोल्वार्ट ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। विकेटकीपर बल्लेबाज लिजेल ली ने 30 गेंदों पर 37 रन जोड़े। अंत में चिनेले हेनरी ने सिर्फ 15 गेंदों पर नाबाद 35 रन ठोककर दिल्ली को 200 के पार पहुंचाया।
RCB की ओर से नादिन डिक्लर्क, अरुंधति रेड्डी और सयाली सतघरे ने एक-एक विकेट हासिल किया।
शुरुआती झटका, फिर मंधाना–वॉल का तूफान
204 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB की शुरुआत खराब रही। ओपनर ग्रेस हैरिस सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना और युवा बल्लेबाज जॉर्जिया वॉल ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी हुई, जो महिला प्रीमियर लीग में किसी भी विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। इस साझेदारी ने दिल्ली के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
जॉर्जिया वॉल ने 54 गेंदों पर 79 रन बनाए, जिसमें 14 शानदार चौके शामिल थे। वहीं कप्तान स्मृति मंधाना ने सिर्फ 41 गेंदों में 87 रन ठोक दिए। उनकी इस कप्तानी पारी में 12 चौके और 3 छक्के देखने को मिले।
आखिरी ओवर में रोमांच, राधा यादव ने दिलाई जीत
वॉल के आउट होने के बाद ऋचा घोष जल्दी पवेलियन लौट गईं। स्मृति मंधाना भी जीत से कुछ ही देर पहले आउट हो गईं, लेकिन तब तक RCB लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच चुकी थी।
अंतिम ओवर में RCB को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे। राधा यादव और नादिन डिक्लर्क ने संयम बनाए रखा और फिर राधा यादव ने दो शानदार चौके लगाकर आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर RCB को ऐतिहासिक जीत दिला दी।
दिल्ली का दर्द कायम, RCB का जश्न
इस हार के साथ दिल्ली कैपिटल्स का खिताबी सूखा और लंबा हो गया। DC ने WPL के चारों सीजन (2023 से 2026) का फाइनल खेला है, लेकिन एक बार भी ट्रॉफी नहीं उठा सकी। 2023 और 2025 में मुंबई इंडियंस, जबकि 2024 और 2026 में RCB चैंपियन बनी।
दूसरी बार चैंपियन बनी RCB
RCB की इस जीत में कप्तान स्मृति मंधाना की आक्रामक सोच, दबाव में शांत रणनीति और टीम की बेखौफ बल्लेबाजी ने अहम भूमिका निभाई। रिकॉर्ड चेज के साथ दूसरी बार WPL ट्रॉफी जीतकर RCB ने खुद को महिला क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में शामिल कर लिया है।
WPL फाइनल में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर
- 87 (41) – स्मृति मंधाना vs DC, वडोदरा 2026
- 79 (54) – जॉर्जिया वॉल vs DC, वडोदरा 2026
- 66 (44) – हरमनप्रीत कौर vs DC, 2025
- 60* (55) – नेट साइवर-ब्रंट vs DC, 2023
- 57 (37) – जेमिमा रोड्रिग्स vs RCB, 2026
WPL की सबसे बड़ी साझेदारियां
- 165 – स्मृति मंधाना & जॉर्जिया वॉल (RCB) vs DC, 2026
- 162 – मेग लैनिंग & शेफाली वर्मा (DC), 2023
- 146 – जेस जोनासेन & शेफाली वर्मा (DC), 2025
फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन: ग्रेस हैरिस, स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वॉल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नादिन डिक्लर्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, श्रेयांका पाटिल, लॉरेन बेल.
फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन : लिजेल ली (विकेटकीपर), शेफाली वर्मा, लॉरा वोल्वार्ट, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), मारिजाने कैप, चिनेले हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी और नंदनी शर्मा.